लार के रावतपार अमेठियां गांव में आग बुझाते फायर ब्रिगेड के कर्मचारी
- फोटो : अमर उजाला
गौरीबाजार/लार। कंबाइन मशीन और बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी आग में 110 बीघा से अधिक खेतों में तैयार गेहूं की फसल जल गई। फायर ब्रिगेड और गांववालों के घंटों प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका। लार में फायर ब्रिगेड का वाहन विलंब से पहुंचने पर किसानों ने हंगामा किया। 30 लाख से अधिक का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है। आगलगी की घटना के बाद पहुंचे लेखपालों ने क्षतिपूर्ति का आकलन किया।
गौरीबाजार थानाक्षेत्र के गौरी बुजुर्ग गांव के कबाड़ा ताल में शनिवार को दिन में 12 बजे कंबाइन से निकली चिंगारी से गेहूं की फसल में आग पकड़ लिया। लोग अभी कुछ समझ पाते कि तेज हवा के कारण आग दमर भिसवा, पांडेय भिसवा, रामपुर और गौरीबाजार के करीब 60 किसानों का 100 बीघे से अधिक गेहूं की फसल गई। आगलगी से गांवों में अफरा-तफरी मची रही। चार घंटे बाद शाम चार बजे गांववालों ने आग पर काबू पाया। फायर बिग्रेड के कर्मचारियों ने भी आग बुझाने में काफी मेहनत की। गांव पहुंचे लेखपाल नंदलाल प्रसाद ने आगलगी से नुकसान हुए फसल की रिपोर्ट तैयार की। वहीं लार थानाक्षेत्र के रावतपार अमेठिया गांव निवासी किसान दिलीप सिंह की खेत में दिन में 11 बजे शॉर्ट सर्किट से आग पकड़ ली। आग में गांव के जयेंद्र चौहान, विपिन, उमा भगत, दिलीप सिंह, आनंद सिंह, संतोष सिंह, राघव सिंह, राणा सिंह, पहवारी सिंह को करीब 11 बीघा गेेहूं की फसल जलकर राख हो गई। आग बुझाने पहुंचे शिक्षक रमेश की बाइक जल गई। गांववालों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। लार थानेदार श्रवण यादव सिपाहियों के साथ आग बुझाई। फायर सर्विस की गाड़ी विलंब से पहुंचे और पानी खत्म होने से नाराज गांववालों ने हंगामा किया। कर्मचारियों को लोगों ने खरी-खोटी सुनाई। डीएम सुजीत कुमार ने कहा कि आग से फसल नुकसान होने का किसानों को मुआवजा दिया जाएगा। तहसील प्रशासन से आगलगी घटनाओं में रिपोर्ट बनाकर भेजने का निर्देश दिया गया है। वहीं दूसरी ओर, लार। लार थानाक्षेत्र के बरडीहा परशुराम गांव निवासी कामेश्वर सिंह के खेत में शनिवार को आग पकड़ ली। आग में कामेश्वर सिंह, उदयनरायण सिंह और शमशेर प्रसाद की करीब चार बीघा गेहूं जलकर राख हो गया। भाजपा नेता कुंज बिहारी सिंह ने तहसील प्रशासन से किसानों को मुआवजा के लिए मांग की है।