बघौचघाट। घर से टहलने के लिए निकला छठवीं कक्षा का छात्र रहस्यमय ढंग से गायब हो गया है। काफी खोजबीन के बाद भी कहीं सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने पुलिस को तहरीर देते हुए अपहरण का केस दर्ज कराया है। पुलिस उसकी छानबीन में जुट गई है। तरकुलवा थाने के सिधावे गांव निवासी स्व. रामायन यादव का छोटा बेटा शुभम (14) पास के ही एक निजी स्कूल में कक्षा-छह का छात्र है। वह बुधवार की सुबह घर से टहलने के लिए निकला था, मगर वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। गुरुवार को शुभम के बड़े भाई जयकरन ने थाने पहुंच पुलिस को घटना से अवगत कराया। तरकुलवा पुलिस ने जयकरन की तहरीर पर अपहरण का मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी। इस संबंध में थाना प्रभारी विनय सिंह ने बताया कि अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है बच्चे को बहुत जल्द तलाश लिया जाएगा।