भाटपाररानी। नगर के स्टेट बैंक शाखा के एक खाता धारक के खाते से ठगों ने धोखाधड़ी कर 18 दिन के अंदर चार लाख 14 हजार 130 रुपये की खरीदारी कर ली है। जानकारी होने पर उन्होंने बैंक से डिटेल निकलवा कर थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी है।
खामपार थाना के ग्राम बरईपार पांडेय निवासी रंगलाल प्रसाद सीआरपीएफ से सेवानिवृत्त सब इंस्पेक्टर हैं। उनका नगर के स्टेट बैंक शाखा में खाता है। उन्होंने एटीएम कार्ड भी ले रखा है। उनके खाते से 19 अक्टूबर से लेकर सात नवंबर तक 300 बार में ऑनलाइन खरीदारी करके कुल चार लाख 14 हजार 130 रुपये निकाल लिए गए। उन्हें इसकी जानकारी उस समय हुई जब वह बैंक से रुपये निकालने गए। उनके खाते में मात्र 478 रुपये बैलेंस था। उन्होंने इसकी लिखित सूचना शाखा प्रबंधक को दी। बाद में उन्होंने बैंक से डिटेल निकलवा कर थानाध्यक्ष भाटपाररानी को तहरीर दी। पुलिस ने केस दर्ज विवेचना कर रही है।
बैंक कर्मियों के साथ किया दुर्व्यवहार
भाटपाररानी। नगर के स्टेट बैंक की शाखा में एक दिन पहले क्षेत्र का एक व्यक्ति घुसकर काम कर रहे एक बैंककर्मी से किसी बात को लेकर उलझ गया। बैंककर्मी को बुरा भला कहते हुए दुर्व्यवहार करने लगा। यह देख कर प्रभारी शाखा प्रबंधक पहुंच कर मामले को शांत करने का प्रयास किया। इस पर वह व्यक्ति उनसे भी उलझ गया और दुर्व्यवहार करने लगा। यह देख बैंक कर्मियों में नाराजगी व्याप्त हो गई। बैंककर्मियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस पहुंच कर घटना की जांच कर मामले की छानबीन कर रही है।
कांग्रेस प्रत्याशी ने पुलिस पर आरोप लगाया
भाटपाररानी। नगर पंचायत चुनाव में अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ रहे कांग्रेस प्रत्याशी दशरथ कुशवाहा ने भाटपाररानी थाने के एक सिपाही पर उनके प्रचार वाहनों को जबरन रोकने तथा प्रचार कर रहे कार्यकर्ताओं को धमकाने का आरोप लगाया है। उन्होंने एसडीएम को लिखित शिकायती पत्र देकर उक्त सिपाही पर सपा और भाजपा की मदद करने का आरोप लगाया है।