किसान के पता करने पर संतोषजनक जवाब नहीं दे सका मिल प्रबंधन
पीड़ित ने एजीएम केन और क्रय केंद्र प्रभारी के खिलाफ दी तहरीर
क्रय केंद्र पर खड़े किसान के गन्ना लदे ट्राले में संदिग्ध हालात में आग लग गई। इसमें गन्ना और ट्राले के चारों पहिए जल गए। इसकी सूचना मिलने पर पहुंचे किसान को कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। जिसके बाद किसान ने क्रय केंद्र प्रभारी और मिल के एजीएम के खिलाफ तहरीर पुलिस को दी है।
ग्राम सुकुटिया निवासी किसान श्यामाचरन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार को वह ट्राले में गन्ना लेकर बरखेड़ा हिंदुस्तान चीनी मिल के पौटाकलां क्रय केंद्र पर गया था। यहां पर तौल होने पर ट्राले में 86 कुंतल 40 किलोग्राम गन्ना निकला। इसके बाद वहां मौजूद कर्मचारियों ने लेबर न होने की बात कहकर छह कुंतल 40 किलोग्राम गन्ना उतार लिया और बकाया को बाद में उतारने की बात कही। इस पर किसान ट्रैक्टर लेकर घर चला गया और गन्ना लदा ट्राला क्रय केंद्र पर ही छोड़ दिया। देर रात ट्राले में संदिग्ध हालात में आग लग गई। इसमें उसमें लदा 80 कुंतल गन्ना, टाला के चारों पहिये जल गए। शनिवार सुबह चौकीदार से घटना की सूचना मिलने पर पीड़ित मौके पर पहुंचा और जानकारी करनी चाही, लेकिन उसको कोई सटीक जवाब नहीं मिल सका। इसके बाद किसान ने क्रय केंद्र प्रभारी और मिल के एजीएम के खिलाफ पुलिस को नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। एसएचओ जयवीर सिंह ने बताया कि मामले की जांच के लिए जिरौनिया चौकी पुलिस को मौके पर भेजा गया है।