- राष्ट्रीय अध्यक्ष व जिलाध्यक्ष को पत्र भेजकर की शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। भाजपा आईटी सेल के लोकसभा क्षेत्र प्रमुख तेजबहादुर पाल ने अपनी ही पार्टी के विधायक पर अभद्रता और मारपीट करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि विधायक ने सरेआम उन्हें गालियां दी। वह भागा तो दौड़ाकर पीटा। तेजबहादुर ने पत्र भेजकर पूरे मामले से राष्ट्रीय अध्यक्ष और जिलाध्यक्ष को अवगत कराया है।
तेज बहादुर पाल आईटी सेल के लोकसभा क्षेत्र प्रमुख हैं। उनका कहना है कि गुरुवार को वह जिला पंचायत स्थित संसदीय कार्यालय में बैठकर पार्टी का काम निपटा रहे थे। इसी दौरान बरहज विधायक सुरेश तिवारी वहां पहुंचे और देखते ही भड़क गए। भद्दी-भद्दी गालियां देने लगे। अपने बचाव के लिए जब कार्यालय के किचन में घुस गया तो विधायक वहां भी पहुंच गए और लात-घूसे से मारते हुए धमकी दी। तेजबहादुर का कहना है कि वह पार्टी के लिए कई वर्षों से पूरी निष्ठा से लगे हैं, बावजूद इस तरह से उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा का हनन किया गया है। तेज बहादुर ने बताया कि वह पिछले छह वर्षों से विधायक के डिग्री कॉलेज में आशुलिपिक पद पर कार्यरत रहे हैं। पिछले तीन माह से वेतन न मिलने से क्षुब्ध हैं। निजी व्यस्तताओं के कारण कुछ दिनों से कॉलेज भी नहीं जा रहे। विधायक ने इसी द्वेश में सार्वजनिक तौर पर उनके साथ यह हरकत की। इस बाबत जिलाध्यक्ष डॉ.अंर्तयामी सिंह का कहना था कि मामला मेरे संज्ञान में आया है। तेजबहादुर से फोन पर वार्ता कर जानकारी भी ली है। विधायक से अब तक संपर्क नहीं हो पाया है। इस समय चुनाव प्राथमिकता में है। इसके बाद पूरे मामले की पड़ताल कर समुचित कदम उठाया जाएगा। उधर, विधायक सुरेश तिवारी से संपर्क किया गया तो वह जनसंपर्क में व्यस्त बताए गए।
---