भटनी। पढ़ाई करने घर आई एलकेजी की छात्रा (7) को रिश्ते के चाचा ने अपनी हवस का शिकार बना लिया। दुष्कर्म की शिकार बेटी को लेकर पहुंची मां की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है। मामला भटनी थानाक्षेत्र के एक गांव का है। घटना से गांव में तनाव की स्थिति बनी है। एक गांव निवासी छह वर्षीय मासूम नगर के एक पब्लिक स्कूल में एलकेजी की छात्रा है। पिता मुंबई में जॉब करते हैं। घर पर वह मां के साथ रहती है। इन दिनों स्कूल में छुट्टी होने के चलते वह पड़ोस में अपने एक चाचा के पास पढ़ने जाती है। शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे छात्रा घर से कॉपी और पेंसिल लेकर चाचा के पास पढ़ने के लिए निकली। कुछ देर बाद वह रोते हुए घर पहुंची और मां से चाचा की करतूत बताई। बेटी की हालत देखकर मां सन्न रह गई। वह इसकी शिकायत करने आरोपी के घर पहुंची। जानकारी मिलते ही गांव के लोग भी उग्र हो गए। इस बीच आरोपी अपने पिता के साथ घर से भाग गया। बाद में बच्ची को लेकर मां ने थाने पहुंच कर तहरीर दी। आरोपी किशोर (14) को भी पुलिस ने गांव के पास से पकड़ लिया। सीओ भाटपाररानी दिनेश सिंह यादव ने भी पीड़िता और आरोपी से पूछताछ की। इस बाबत एसओ अश्वनी राय ने बताया कि बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। दुष्कर्म का केस दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।