तरकुलवा। गांव के ही एक युवक के साथ वीडियो वॉयरल होने पर 14 वर्षीय किशोरी ने बुधवार की रात फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना के वक्त परिजन शादी समारोह में गए थे। देर रात लौटने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई। रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग जुट गए। पुलिस को सूचना दी गई।
बताया जा रहा है कि बुधवार को दिन में फांसी लगाने वाली किशोरी का गांव के ही एक युवक के साथ वीडियो वॉयरल हुआ था। वह गांव के ही एक स्कूल में कक्षा आठ की छात्रा थी। इसकी जानकारी परिजनों को होने पर उन्होंने बेटी से पूछताछ की। उसे दोबारा ऐसी हरकत नहीं करने की चेतावनी दी। परिजनों की डांट से किशोरी को शर्मिंदगी महसूस हुई। रात में ही परिजन गांव में एक शादी समारोह में चले गए। वह घर पर अकेली थी। किशोरी ने घर का मुख्य दरवाजा बंद कर छत के कुंडे में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। देर रात घर लौटे परिजन दरवाजा खोलने के लिए आवाज देने लगे। काफी देर बाद भी जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। वह मुख्य दरवाजा तोड़कर अंदर गए तो उनकी नजर कमरे में पड़ी। यह देखकर परिजन दहाड़े मारकर रोने लगे। प्रभारी निरीक्षक शशांक शेखर राय ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है।