पूर्व विधायक के बेटे पर धोखाधड़ी का केस
- चार पहिया वाहन लेकर भागने का है आरोप
- लखनऊ के हजरतगंज थाने में दर्ज कराया गया है मुकदमा
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। पूर्व विधायक सुरेश यादव के बेटे सपा नेता ओमप्रकाश यादव पर लखनऊ के हजरतगंज थाने में धोखाधड़ी का केस दर्ज हुआ है। उन पर एक शख्स की गाड़ी लेकर वापस न देने का आरोप लगा है। पीड़ित ने रविवार को देवरिया पुलिस से भी सहयोग मांगा है।
लखनऊ के बाजारखाला थानाक्षेत्र के राकबगंज खजुआ निवासी राकेश सिंह पुत्र फूलचंद सिंह का कहना है कि देवरिया के सलेमपुर के पूर्वी इचौना गांव निवासी पूर्व विधायक सुरेश यादव के बेटे सपा नेता ओमप्रकाश यादव से उनकी पहचान है। इसी साल 17 जून को वह मीराबाई रोड स्थित अपने कार्यालय में थे। उसी दौरान ओमप्रकाश यादव पहुंचे और किसी से मिलने जाने की बात कहकर चार पहिया वाहन मांग लिया। संबंध होने की वजह से उन्हें वाहन दे दिया। जब रात तक नहीं लौटे तो संपर्क करने पर काम में व्यस्त होने का हवाला दिया। राकेश का आरोप है कि उनकी नीयत ठीक नहीं थी और गाड़ी वापस नहीं देना चाहते। राकेश की तहरीर पर 24 अगस्त को हजरतगंज कोतवाली में सपा नेता ओमप्रकाश यादव के खिलाफ धोखाधड़ी और सामान हड़पने का केस दर्ज किया है। पीड़ित राकेश सिंह ने देवरिया एसपी को फोन कर मामले की जानकारी दी है। इस बाबत जब सपा नेता ओमप्रकाश यादव से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें फंसाया गया है। वह दो-तीन दिन में इसे साबित कर देंगे।