बरहज के मगहरा में लूट का शिकार अभिषेक
- फोटो : अमर उजाला
बरहज/मगहरा। मईल-मुसैला मार्ग पर पांडेयपुर गांव के पास रविवार की रात दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने तमंचा सटाकर युवक से बुलेट मोटरसाइकिल और मोबाइल लूट ली। युवक देवरिया रेलवे स्टेशन पर चाची को ट्रेन में बैठाने गया था। वहां से वह गांव लौट रहा था। इस दौरान बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया।
परसियां लखना गांव निवासी श्याम नारायण सिंह का पुत्र अभिषेक उर्फ विकास सिंह रविवार को सचिन पुत्र मुन्ना सिंह के साथ बुलेट मोटरसाइकिल से चाची को छोड़ने देवरिया रेलवे स्टेशन गया था। ट्रेन विलंब होने के कारण वह रात करीब 10 बजे उन्हें ट्रेन पर बैठाकर साथी के साथ गांव आ रहा था। पांडेयपुर गांव के पास दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने ओवरटेक कर उसे रोक लिया। जब तक दोनों कुछ समझ पाते, बदमाशों ने तमंचा सटा दिया। पुलिस को दिए तहरीर में अभिषेक सिंह ने कहा है कि रात करीब साढ़े ग्यारह बजे बदमाशों ने पीछे से ठोकर मार दी। इससे उनकी बुलेट मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई। बदमाशों ने तमंचा सटाकर बुलेट, चार मोबाइल फोन और पर्स में रखे रुपये छीन लिए। दहशत फैलाने के लिए बदमाशों हवाई फायरिंग भी की। प्रभारी थानाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। चार अज्ञात लोगों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
इनसेट
बड़े भाई को शादी में मिली थी बुलेट
मगहरा। श्याम नारायण के बड़े पुत्र अमित सिंह की शादी में बुलेट मोटरसाइकिल मिली थी।ो 26 अप्रैल को हुई शादी में कन्या पक्ष के लोगों ने उपहार में दिया था। अमित सिंह विदेश में रहकर प्राइवेट कंपनी में कार्य करते हैं।