बहू नहीं गई ससुराल तो नवजात को लेकर भागी सास
प्राइवेट अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद खड़ा हुआ बखेड़ा
मां के साथ मायके जाना चाहती थी महिला, छानबीन में जुुटी पुलिस
पांच दिन पूर्व हुआ था प्रसव, रुद्रपुर नगर की रहने वाली है प्रसूता
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। एक प्राइवेट नर्सिंगहोम से नवजात को लेकर सास चली गई। इसको लेकर मायके व ससुराल पक्ष के बीच तकरार भी हुआ। मायके पक्ष वालों ने इसकी शिकायत पुलिस से की है। पुलिस नवजात को दिलाने की कोशिश में जुटी है। रुद्रपुर नगर के दुग्धेश्वर वार्ड निवासी विनोद की पत्नी बब्बी देवी का प्रसव 15 अगस्त को सीसी रोड स्थित हास्पिटल में हुआ। मंगलवार को दोपहर में बब्बी को अस्पताल संचालक ने डिस्चार्ज कर दिया। बब्बी अपने माता-पिता के साथ मायके जाना चाहती थी, लेकिन सास ससुराल चलने के लिए जिद पर अड़ गई। इसको लेकर ससुराल और मायके पक्ष वालों के बीच अस्पताल में कहासुनी हुई। अस्पताल से बाहर निकलते ही सास ने बब्बी के नवजात को छीन लिया और बेटे के साथ चली गई। रिश्तेदारों ने नवजात की तलाश की, लेकिन पता नहीं चला। बब्बी अपने मां के साथ कोतवाली पहुंची और पुलिस को तहरीर देकर नवजात को दिलाने की मांग की। मां का आरोप है कि अभी पांच दिन का बच्चा है। परवरिश के अभाव में उसकी जान जा सकती है। प्रभारी कोतवाल राजबीर यादव ने बताया कि तहरीर मिली है। रिश्तेदारों के बीच का मामला है। नवजात को दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।