रामपुर कारखाना। महुआडीह चौकी क्षेत्र के एक गांव में किशोरी से दुष्कर्म के मामले में पांच लोगों के खिलाफ पुलिस ने रेप और पाक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। तीन सप्ताह पहले एक युवक किशोरी को शादी का झांसा देकर अहमदाबाद लेकर चला गया। वहां ले जाकर किशोरी से कई दिनों तक दुष्कर्म किया और फिर उसे छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने किशोरी के पिता की तहरीर पर शुक्रवार को पांच लोगों के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी बलटिकरा स्थित एक विद्यालय में कक्षा आठ की छात्रा है। 12 सितंबर को गांव का ही एक युवक छात्रा को रास्ते में मिला। उसे शादी का झांसा देकर अपने परिजनों और रिश्तेदारों की मदद से उसे लेकर फरार हो गया। छुट्टी के बाद जब किशोरी घर नहीं पहुंची तो परिवारवाले स्कूल पहुंचे और जानकारी ली। गांववालों ने परिजनों को छात्रा के देवरिया की ओर जाने की जानकारी दी। 17 सितंबर को किशोरी ने मोबाइल फोन से परिवारवालों को अपने अहमदाबाद होने और युवक के करतूत की जानकारी दी। परिवारवाले अहमदाबाद पहुंचे और किशोरी को लेकर रामपुर कारखाना थाने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने मामला दूसरे राज्य का होने की बात कह कार्रवाई से इनकार कर दिया। किशोरी के पिता ने पुलिस अधीक्षक से हार लगाई। एसपी के निर्देश पर रामपुर कारखाना पुलिस ने रितेश पटेल, लालू पटेल, खूबलाल, जय सिंह और सिंधु देवी के खिलाफ शुक्रवार की शाम मुकदमा दर्ज कर लिया। उनकी तलाश की जा रही है।