दिनभर तबाही मचाती रही आग
काशीपुर गांव में दस मकान जलकर राख, सचौली पटवनिया में दर्जनों पेड़ जलकर नष्ट
रुद्रपुर-पिड़रा मार्ग पर तीन घंटे बाधित रहा आवागमन
अमर उजाला ब्यूरो
रुद्रपुर। डंठल की चिंगारी से लगी आबादी के बीच आग पूरे दिन तबाही मचाती रही। क्षेत्र के कई गांवों के सरेह में आग तबाही मचाती रही। गर्म हवा के सहारे काशीपुर गांव में पहुंची आग ने दस मकानों को जलाकर राख कर दिया। सचौली पटवनिया में दर्जनों पेड़ जलकर नष्ट हो गए। वहीं, रुद्रपुर-पिड़रा मार्ग पर सड़क की दोनों पटरियों पर आग लगने से करीब तीन घंटे तक आवागमन बाधित रहा। तेज पछुवा हवा के बीच आग बुझाने में ग्रामीण और प्रशासन पूरी तरह से बेबस दिखे।
रविवार को जोगिया बुजुर्ग गांव के सरेह में किसी ने डंठल में आग लगा दी। आग की चिंगारी तेजी से श्रीनगर कोल्हुआ, काशीपुर, गोनाह सुरतपुरा, सिलहटा गांव के खेतों में पड़े डंठल में लग गई। सड़क के किनारे लगे पेड़-पौधे भी जलने लगे। आग काशीपुर गांव में पहुंच गई। दोपहर में गांव में आग लगते ही कोहराम मच गया। लोग बुझाने में जुटे गए। एक मकान की आग बुझाते, तब तक दूसरे में लग जाती। लोग पंपिंगसेट चालू कर आग बुझाने लगे। करीब दो घंटे के प्रयास के बाद आग पर ग्रामीणों ने काबू पाया। यहां फायर ब्रिगेड की गाड़ी नहीं पहुंच पाई। मौके पर पहुंची पुलिस भी आग के विकराल रूप को देखकर बुझाने में बेबस दिखी। रुद्रपुर-पचलड़ी मार्ग पर पेट्रोलपंप के करीब नगर पंचायत के की ओर से फेंके गए कूड़े में आग लग गई। इससे सड़क पर धुआं-धुआं हो गया। राहगीर पुल पर एकत्र हो गए। रास्ते से गुजरने वालों के चेहरे झुलस जा रहे थे। सचौली पटवनिया गांव में तीन किसानों के यूकेलिप्टस के पेड़ जलकर नष्ट हो गए।
दस लोगों के घर जले
रुद्रपुर। काशीपुर गांव में आग से दस कच्चे घर जलकर राख हो गए। गांव के मुखलाल प्रजापति, रामदुलारे प्रजापति, रामअधारे, रामअवध, बंका हरिजन, मुन्नर, श्रवण, हरिलाल, जयराम, सुन्नर के घर जल गए। सुबाष यादव की अरहर जल गई। सचौली पटवनिया में मणिंद्र सिंह के पौधे जल गए। इसके अलावा सड़कों के किनारे लगे करीब पचास पेड़ भी जल गए।
फोटो
हरिलाल के बेटे की 16 मई को होनी है शादी
रुद्रपुर। काशीपुर गांव में आंखों के सामने घरों को जलते देखकर गरीब परिवार रोने-चिल्लाने लगे। आग बुझाने के दौरान उनके घरों की महिलाएं रो रहीं थीं। गांव के हरिलाल के बेटे मिथिलेश की 16 मई को शादी तय है। पूरा परिवार उत्सव मनाने की तैयारी में था कि आग ने गरीब परिवार के अरमानों पर पानी फेर दिया। मिथिलेश की शादी के लिए खरीद कर रखे गए कपड़े आदि सब जल गए। दस परिवारों के घर-गृहस्थी के सामान जलने से उनके सामने पेट भरने की दिक्कत आ गई है। हरिलाल की पत्नी राजवती घर को जलते देखकर बेहोश हो गई। अगलगी के बाद तहसील प्रशासन ने आग से हुई क्षति का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित परिवारों को मदद दिलाने का आश्वासन दिया।