ऑपरेशन के 43 घंटे बाद होश में आए रामखेलावन
पीजीआई लखनऊ में हुआ था दिमाग का आपरेशन
अमर उजाला ब्यूरो
पैकौली। लक्ष्मीनारायण मंदिर के पास मंगलवार की रात हुए सड़क हादसे में घायल रामखेलावन ऑपरेशन के 43 घंटे बाद होश में आ गए हैं। लखनऊ के पीजीआई में उनके दिमाग का ऑपरेशन शुक्रवार की शाम छह बजे हुआ था।
सदर कोतवाली के खोराराम गांव निवासी अनिल वर्मा की बरात भाटपाररानी के सोहनपुर में गई थी। मंगलवार की रात गांव के 10 लोगों को लेकर बोलेरो चालक खोराराम लौट रहा था। लक्ष्मीनारायण मंदिर के पास बोलेरो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में चालक समेत आठ लोगों की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल कन्हैया ने गुरुवार को लखनऊ में दम तोड़ दिया। रामखेलावन का लखनऊ के पीजीआई में उपचार चल रहा था। शुक्रवार की शाम छह बजे उनके दिमाग का ऑपरेशन किया गया। चिकित्सकों ने बताया था कि 24 से 36 घंटे बाद इनको होश आएगा। 43 घंटे बाद रविवार की दोपहर एक बजे जब रामखेलावन को होश आया तो परिवारवालों ने राहत की सांस ली। हालांकि, उनको घर में आने अभी वक्त लगेगा। वहां मौजूद बेटा सोनू ने बताया कि अब पिताजी को होश आ गया है। हादसे में घायल दीपनारायण गोरखपुर मेडिकल कॉलेज से ठीक होकर पहले ही घर आ गए हैं।