बकरी चराने गए लड़के से कुकर्म की कोशिश
शोर मचाने पर आरोपी युवक ने लड़के को पीटा
पिता ने आरोपी युवक के खिलाफ दी तहरीर
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर कारखाना। थानाक्षेत्र के एक गांव में बकरी चराने गया एक लड़के के साथ कामांध युवक ने अप्राकृतिक दुष्कर्म का प्रयास किया। शोर मचाने पर युवक ने लड़के की जमकर पिटाई कर दी। ग्रामीणों को आता देख वह जान से मारने की धमकी देता हुआ भाग निकला।
रामपुर कारखाना थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी सात वर्षीय लड़का स्कूल से लौटने के बाद मंगलवार की शाम बकरी चराने गया था। वहीं पहले से ही गांव का एक युवक मौजूद था। आरोप है कि युवक रुपये का लालच देकर लड़के को ईंट भट्ठे के गड्ढे में ले गया। वहां अप्राकृतिक दुष्कर्म करने की कोशिश की। उसके शोर मचाने पर बकरी चरा रहे अन्य लड़के और ग्रामीण गड्ढे की ओर दौड़ पड़े। यह देखकर आरोपी युवक लड़के की पिटाई करने लगा। जब ग्रामीण गड्ढे के नजदीक पहुंचे तो वह लड़के को जान से मारने की धमकी देता हुआ मौके से भाग गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पीड़ित लड़के के पिता को दी। उसने 100 नंबर पर फोन किया, लेकिन पुलिस कर्मियों के पहुंचने के पहले आरोपी युवक घर छोड़कर भाग गया। देर शाम थाने पहुंचे लड़के के पिता ने दुष्कर्म के प्रयास और मारपीट की तहरीर दी। इंस्पेक्टर अजय ओझा ने कहा कि घटना संज्ञान में नहीं है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर छानबीन की जाएगी।