भाटपाररानी/बनकटा। पूर्वोत्तर रेलवे के भटनी-छपरा रेलखंड अंतर्गत भाटपाररानी और बनकटा रेलवे स्टेशनों पर शुक्रवार को दोपहर में दो युवकों ने मालगाड़ी के आगे कूदकर जान दे दी। एक युवक आईटीआई का छात्र था और दूसरा 12वीं का छात्र था।
भाटपाररानी थाने के ग्राम मधउर निवासी मनोहर दुसाध का 18 वर्षीय बेटा विक्की प्रसाद देवरिया आईटीआई में फिटर ट्रेड का छात्र था। वह रोजाना ट्रेन से देवरिया आता-जाता था। शुक्रवार दोपहर में विक्की ने भाटपाररानी रेलवे स्टेशन के पश्चिमी छोर पर मालगाड़ी के सामने कूदकर जान दे दी। लोगों ने देखकर उसकी पहचान कर परिजनों को सूचना दी। विक्की दो भाइयों में तीसरे नंबर पर था। चर्चा है कि विक्की का किसी लड़की से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। हालांकि घरवाले इस मुद्दे पर कुछ भी बोलने से इन्कार कर रहे हैं। परिजनों ने बताया कि वह घर से देवरिया जाने के लिए निकला था। दूसरी घटना में बनकटा रेलवे स्टेशन पर ग्राम सोहनपुर निवासी साबिर के 18 बेटे मयदुल्लाह ने मालगाड़ी के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। आसपास के लोगों ने पहचान कर परिजनों को सूचना दी। उसकी जेब में देवरिया से बनकटा का रेल टिकट था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कुछ देर पहले वह रेलवे स्टेशन पर ग्वालियर-बरौनी एक्सप्रेस से उतरा था। तीन भाइयों वह बड़ा था। मयदुल्लाह के तीन बहनें भी हैं। पिता साबिर सिलाई का काम करते हैं। पिता पर ही घर के खर्च का बोझ है। जवान बेटे की मौत की सूचना मिलते ही पिता बदहवास हो गया। जीआरपी भटनी ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।