फैजाबाद सड़क हादसे में रामपुर कारखाना के युवक की मौत
विशुनपुर मुरार गांव का रहने वाला था खलासी
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। रामपुर कारखाना थानाक्षेत्र के ट्रक खलासी की फैजाबाद में हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। परिजनों को जानकारी मिलने के बावजूद ट्रक मालिक बहाने बनाता रहा। पुलिस की सूचना पर परिवार के लोग शव लेने घटनास्थल रवाना हो गए।
विशुनपुर मुरार गांव निवासी अंगद (20) पुत्र बाबुलाल कन्नौजिया ट्रक पर रहकर खलासी का काम करता था। ट्रक कुशीनगर जिले के सुकरौली गांव निवासी एक व्यक्ति का है। चालक भी वहीं का बताया जा रहा है। शनिवार की रात ऑर्डर मिलने पर चालक गिट्टी लादने झांसी के लिए रवाना हुआ। फैजाबाद में उसके ट्रक की विपरीत दिशा से आ रहे दूसरे ट्रक से भिड़ंत हो गई। इसमें अंगद की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, चालक बचकर भाग निकला। सूचना मिलते ही परिजन फैजाबाद के लिए रवाना हो गए। अंगद तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। बड़ा भाई महेश गांव में मजदूरी करता है। पिता भी मजदूरी कर घर की आजीविका चलाते हैं। अंगद की मौत से घर में कोहराम मच गया।