देवरिया। सदर कोतवाली के खोराराम गांव में किसी बात से नाराज युवक ने शुक्रवार की आधी रात घर में रस्सी के सहारे छत की कुंडी से लटक जान दे दी। परिवारवालों ने उसे नीचे उतारकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
खोराराम गांव निवासी रामईश्वर का दो बेटों में संतोष 28 बड़ा था। वह मुंबई में रहकर कारोबार करता था। एक महीना पहले वह गांव आया। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर परिवारवालों से मनमुटाव हो गया। नाराज होकर संतोष शुक्रवार की आधी रात घर में कुंडी से रस्सी का फंदा बनाकर लटक गया। पत्नी के शोर मचाने पर परिवार के अन्य सदस्य पहुंचे और उसे नीचे उतारा। परिवारवालों ने तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिला अस्पताल प्रशासन की सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। संतोष की पत्नी संध्या और बेटी स्वीटी समेत अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सदर कोतवाल यादवेंद्र बहादुर पाल ने बताया कि युवक ने फांसी लगाकर जान दी है।
जहर खाने से महिला की मौत
देवरिया। रुद्रपुर कस्बा निवासी एक महिला ने किसी बात से नाराज होकर शनिवार को जहर खा लिया। परिवारवाले उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाए। यहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। रुद्रपुर के मल्लाह टोली वार्ड निवासी प्रियंका 28 पत्नी शेषनाथ शनिवार की सुबह किसी बात से नाराज होकर जहर खा ली। जानकारी होने पर परिवारवाले पीएचसी रुद्रपुर ले गए। वहां से हालत गंभीर देखकर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। यहां पहुंचने पर चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। परिवारवाले शव लेकर चले गए।