भटनी। शादी समारोह में जा रहे कुछ युवकों ने एक दुकान में शौकिया अचानक हवाई फायरिंग कर दी। इससे चौराहे पर सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची यूपी 100 पुलिस को देख युवक भाग गए। पुलिस ने दुकानदार को हिरासत में लेकर युवकों के बारे में जानकारी जुटा रही है। भटनी थाना क्षेत्र के खोरीबारी रामपुर चौराहे पर शादी समारोह में शामिल होने जा रहे कुछ युवक एक चाय की दुकान पर रुके। वहां उन्होंने एक सरकारी दुकान से शराब मंगवाई और पीने बैठ गए। बातों ही बातों में दोस्तों में हनक बनाने के लिए एक युवक अपने पास रखे असलहे से हवाई फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज सुन चौराहे पर हड़कंप मच गया। किसी ने इसकी शिकायत पुलिस से की। पुलिस की गाड़ी देख युवक अंधेरे का फायदा उठा मौके से खिसक गए। पुलिस दुकानदार को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इस बाबत एसओ अश्वनी राय ने बताया कि फायरिंग करने की सूचना मिली थी। दुकानदार से पूछताछ की जा रही है। बहुत जल्द युवकों के बारे जानकारी कर कार्रवाई की जाएगी।