लार के हरखौली गांव के बाहर युवक का शव देखने के लिए जुटी भीड़
- फोटो : अमर उजाला
लार रोड/लार। हरखौली गांव के बाहर कुइचवर छावनी पर एक नलकूप के बगल में युवक का शव खेत में पेड़ पर फंदे पर लटका मिला। युवक के सिर में पीछे गंभीर चोट का निशान भी मिला है। लोगों का कहना है कि युवक की हत्या शव को लटकाया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
लार थाना क्षेत्र के हरखौली गांव में सुबह लोग टहलने निकले थे। लोगों ने गांव के बाहर कुइचवर छावनी पर नलकूप के बगल में पेड़ से लटका एक 30 वर्षीय युवक का शव देखा। जिसका आधा से अधिक भाग शरीर का जमीन पर पड़ा था और सिर फंदे से लटका हुआ था। यह खबर गांव में तेजी से फैल गई। लोगों की भीड़ घटना स्थल पर जुट गई। युवक लाल रंग का हाफ शर्ट और नीले रंग का जींस और पैर में सेंडल पहना था। उसके सिर में पीछे चोट के गंभीर निशान भी है। शर्ट पर खून के छींटे भी हैं। गांव वालों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल की जांच की। पुलिस को दस मीटर दूर तीन जगह खून के निशान मिले। गांव वालों का कहना है कि कही और हत्या कर के शव यहां लटकाया गया है। इस बाबत हल्का दारोगा राकेश पांडेय ने बताया कि युवक का शिनाख्त नहीं हो सका है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद कुछ कहा जा सकेगा।
पहले भी मिला है शव
लार थाना क्षेत्र के रावतपार अमेठिया गांव निवासी अवकाश प्राप्त विद्युत कर्मचारी उमरदीन खान का शव 13 मई को संदिग्ध परिस्थिति में भस्करी गांव के बाहर निर्माणाधीन पेट्रोल पंप पर मिला था। चेहरे पर चोट के निशान थे। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी। पुलिस घटना का खुलासा अभी तक नहीं कर पाई। वहीं दो सप्ताह पूर्व सलेमपुर निवासी सुनील चौहान का शव संदिग्ध परिस्थिति में सोनरा बारी गांव के समीप बाईपास रोड पर मिला था। इसके भी शरीर पर गंभीर चोट के निशान थे। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी। पुलिस इस मामले में भी कोई खुलासा नहीं कर सकी है।