देवरिया। शहर के देवरिया खास मोहल्ले में बुधवार की रात दूरसंचार विभाग की रिटायर्ड महिला कर्मी ने आग लगाकर जान दे दी। बाथरुम से तेज धुआं उठने पर घरवालों को जानकारी हुई तो दरवाजा तोड़कर बाहर निकाला गया। वृद्धा मानसिक रुप से बीमार बताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम भेज दिया।
देवरिया खास निवासी सुरेंद्र चंद्र रावत के निधन के बाद पत्नी सुमित्रा देवी (65) को मृतक आश्रित कोटे से दूरसंचार विभाग में कनिष्ठ लिपिक की नौकरी मिली। नौकरी से सेवानिवृत्ति के बाद वह परिवार के साथ घर पर रह रही थीं। कुछ वर्षों से उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। बुधवार की रात परिवार वाले घरेलू कार्यों में व्यस्त थे। देर रात सुमित्रा देवी बाथरुम में गईं और खुद को अंदर से बंद कर आग लगा दी। चीख-पुकार और तेज धुंआ उठता देख घरवालों को इसकी जानकारी हुई। आनन-फानन में दरवाजा तोड़कर सुमित्रा देवी को बाहर निकाला गया। परिजन उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। सुमित्रा देवी को दो पुत्र हैं। मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। सदर कोतवाल यादवेंद्र बहादुर पाल ने बताया कि महिला ने आग लगाकर जान दे दिया है। वह मानसिक रुप से बीमार थी। घरवालों के प्रार्थना पत्र के आधार पर पोस्टमार्टम के बाद शव उन्हें सुपुर्द कर दिया गया।