गौरी बाजार पुलिस ने भारी मात्रा में पटाखा बरामद किया
- फोटो : अमर उजाला
गौरीबाजार। थानाक्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव से मंगलवार को पुलिस ने 50 हजार मूल्य के अवैध पटाखों के साथ एक व्यक्ति को पकड़ा। पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। देर शाम तक मामले की छानबीन चलती रही। पुलिस को सूचना मिली कि क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव में अवैध पटाखा बेचने का धंधा किया जा रहा है। इसके आधार पर यूपी 100 पीआरवी के एसआई श्रीनिवास चौहान, कांस्टेबल हरिओम, संजय यादव, गणेश कनौजिया की टीम लक्ष्मीपुर गांव में पहुंची। चिह्नित स्थान पर छापा मारकर एक युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम इस्माइल अंसारी बताया। उसने बताया कि वह देवरिया सहित कई अन्य स्थानों से थोक भाव में पटाखे खरीदकर आसपास के क्षेत्रों में खुदरा दुकानदारों को सप्लाई करता है। शादी ब्याह से लेकर दीपावली, छठ, ईद आदि त्योहारों पर आतिशबाजी के लिए आपूर्ति करता है। इस कारोबार के लिए उसके पास कोई वैध लाइसेंस नहीं है। पुलिस ने एक कमरे में रखा चार बोरे पटाखे व आतिशबाजी का सामान बरामद किया। इस संदर्भ में थाना प्रभारी अरुण कुमार मौर्य ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। जांच के बाद केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।