देवरिया। दीपक मणि का अपहरण कर 10 करोड़ रुपये कीमत की जमीन बैनामा कराने का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि जिला पंचायत अध्यक्ष रामप्रवेश यादव और उनकी मां पर जबरन जमीन कब्जा करने का एक और मुकदमा दर्ज हुआ है। भुजौली कॉलोनी निवासी श्रीकृष्ण सिंह की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की है। अध्यक्ष और उनकी मां पर षड्यंत्र कर जमीन कब्जा करने का आरोप लगाया गया है।
भुजौली कॉलोनी निवासी श्रीकृष्ण सिंह कोल इंडिया में इंजीनियर थे। उन्होंने मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और झारखंड में नौकरी की। वर्ष 2009-10 में सेवानिवृत्त के बाद घर लौटे तो देखा कि उनके हिस्से की 10 कट्ठा जमीन पर कब्जा कर लिया गया है। उनका कहना है कि तहसील और जिला प्रशासन का चक्कर लगाते-लगाते थक गया, मगर सुनवाई नहीं हुई। सदर कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में उन्होंने कहा है कि भुजौली में स्थित उनकी कीमती जमीन पर रजला गांव निवासी और जिला पंचायत अध्यक्ष रामप्रवेश यादव ने जबरन कब्जा कर लिया है। इसमें उनकी मां मेवाती देवी का भी सहयोग था। उन लोगों के प्रभाव के कारण कोई भी मदद करने को तैयार नहीं हुआ। अब जब वह जमीन के ही मामले में कार्रवाई की जद में आए हैं तो वह भी कोतवाली पुलिस को तहरीर दे रहे हैं। सदर कोतवाल प्रभातेष श्रीवास्तव का कहना है कि श्रीकृष्ण सिंह की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने जिला पंचायत अध्यक्ष रामप्रवेश यादव और उनकी मां मेवाती देवी के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। उनकी तलाश की जा रही है।