देवरिया। मंगलवार की दोपहर गौरीबाजार सीएचसी पर दबंगों ने जमकर उत्पात मचाया। मेडिको लीगल कराने पहुंचे पीड़ितों के साथ दबंगों ने मारपीट की। विरोध करने पर उन्होंने असलहा लहराना शुरू कर दिया। घटना के विरोध में चिकित्सकों ने काम ठप कर दिया है। सूचना के काफी देर बाद पुलिस पहुंची। इसको लेकर डॉक्टरों ने विरोध जताया। पीड़ित पक्ष ने थाने में तहरीर दी।
गौरीबाजार थानाक्षेत्र के असनहर निवासी शिवाजी और जितेंद्र दुबे के बीच मंगलवार को किसी बात को लेकर मारपीट हो गई थी। दोपहर में एक पक्ष के लोग गौरीबाजार सीएचसी पर मेडिको लीगल कराने पहुंचे थे। इसी दौरान की जानकारी दूसरे पक्ष के लोगों को हुई तो वह लामबंद होकर पीएचसी पर फिर से मारपीट करने पहुंच गए। आरोप है कि अस्पताल के अंदर घुसकर कुछ लोगों ने जितेंद्र दूबे की पिटाई कर दी। बीचबचाव कर रहे एक व्यक्ति को भी लोगों ने पीट दिया। बाद में आरोपियों ने तमंचा लहराना शुरू कर दिया। विवाद के दौरान अस्पताल में हड़कंप मच गया। असलहा देखते ही मरीज और डॉक्टर भाग गए। अफरातफरी के बीच किसी ने पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि पुलिस देर से पहुंची और आरोपी भाग गए। इस बात से डॉक्टर काफी नाराज हुए, उन्होंने कामकाज ठप कर दिया। एक घंटे बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित पक्ष से बातचीत कर मामले को शांत कराया। विवाद के बाद सीएचसी के अधीक्षक डॉ. रतनलाल ने तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।