ट्रक-टेंपो की टक्कर में एक की मौत
देवरिया।
बैतालपुर डिपो के पास ट्रक और टेंपो की सीधी टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हो गई। दस लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। शव एक घंटे तक सड़क पर पड़ा रहा। सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क पर जाम लगा दिया। किसी तरह मामला शांत हुआ।
रविवार की दोपहर गौरीबाजार से सवारी भर कर टेंपो देवरिया की तरफ जा रही थी। बैतालपुर डिपो के पास चार बजे के करीब ट्रक ने सीधे टेंपो में टक्कर मार दी। मौके पर देवरिया खास वार्ड नंबर पंद्रह निवासी बृजेश राय की मौत हो गई। गाड़ी में सवार परशुराम चौक निवासी दुर्गावती देवी, पूजा पुत्री स्वर्गीय राजेश, गौरा निवासी अभिनाश गुप्ता, सुमित्रा दो वर्षीय बेटा गोलू, गौरीबाजार, रसौली के राजाराम, रोहुआर विशुनपुर के कामेश्वर पासवान, मऊ, मधुवन, नंदौन निवासी इंद्रभूष्ण मल्ल घायल हो गए। सत्रह वर्षीय एक किशोर भी घायल है जिसकी पहचान नहीं हो सकती है। सभी घायलों को आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचा गया। हादसे की सूचना लोगों ने पुलिस को दी। आरोप है कि करीब डेढ़ घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। बीच सड़क पर शव पड़ा रहा। लोग तमाशबीन बने रहे। जैसे ही पुलिस पहुंची लोगों ने हंगामा करते हुए सड़क पर जाम लगा दिया। यूपी-100 ने भी कोई रिस्पांस नहीं दिया। घायलों में तीन की हालत गंभीर है। पुलिस ने किसी तरह भीड़ को शांत कराया।