वाहन की चपेट से मजदूर की मौत, दो गंभीर
सदर कोतवाली के परसिया मल्ल गांव के पास शनिवार की रात हुआ हादसा
दोनों घायलों का गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है उपचार
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। सदर कोतवाली के परसिया मल्ल गांव के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एंबुलेंस से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के दौरान एक की मौत हो गई जबकि दो की हालत गंभीर देखकर चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। टक्कर मारने के बाद अज्ञात वाहन चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया।
रामपुर कारखाना थानाक्षेत्र के खडाइच गांव के प्रभुनाथ यादव (50) शहर में एक कपड़े की दुकान पर मजदूरी करते थे। शनिवार की देर रात वह काम से साइकिल से वापस अपने घर जा रहे थे। सदर कोतवाली के देवरिया-हाटा मार्ग पर परसिया मल्ल गांव के पेपर मिल के पास पहुंचे थे कि एक अज्ञात चार पहिया वाहन ने उनकी साइकिल में पीछे से ठोकर मार दी। उसके बाद भागने के प्रयास में वाहन ने आगे एक और बाइक को टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों ने तीनों घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया। उपचार के दौरान साइकिल सवार प्रभुनाथ यादव की मौत हो गई। बाइक सवार दोनों युवकों की हालत गंभीर देखकर चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। घायल दोनों युवक नितिन (22) और सावन (25) परसिया मल्ल गांव के रहने वाले हैं। प्रभुनाथ यादव के घर मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सदर कोतवाल यादवेंद्र बहादुर पाल ने बताया कि हादसे में अधेड़ की मौत हुई है। आवश्यक कार्रवाई पूर्ण कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया।