बनकटा। रेलवे स्टेशन स्थित बाजार में दुर्गा मंदिर तिराहे के निकट चंदन वर्मा पुत्र भगवान वर्मा स्वर्ण आभूषण की दुकान है। नित्य की भांति दुकान बंद कर भगवान वर्मा अपने घर जा रहे थे। तभी उनकी साइकिल में किसी व्यक्ति ने नारियल की रस्सी फेंककर उलझा दिया। सुलझाने के चक्कर में ज्यों ही भगवान वर्मा उतरे एक उचक्का उनके सायकिल में टंगा हुआ थैला लेकर भागने लगा।
स्वर्ण व्यवसायी जब तक समझ पाते और शोर मचाते तब तक पचास मीटर की दूरी पर दुर्गा मंदिर के निकट एक पल्सर सवार हेलमेट लगाए बाइक स्टार्ट कर तैयार था। पल्सर पर सवार दोनों उचक्के सोहनपुर बाजार की तरफ तेजी से फरार हो गए। पीड़ित व्यवसायी के अनुसार थैले में एक किलोग्राम चांदी, पचास ग्राम सोने के आभूषण, ढाई हजार रुपये नकद मिलाकर लगभग दो लाख रुपये का माल था। थैले में जीवन बीमा पेपर तथा बिजली का बिल भी था। घटना के समय थानाध्यक्ष बृजेश सिंह क्षेत्र में गश्त पर थे। घटना स्थल पहुंचकर थानाध्यक्ष ने बताया कि दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज से उचक्कों को पहचानने की कोशिश की जा रही है।