लूट के बाद सलेमपुर कोतवाली में पीड़ित रिटायर्ड दारोगा
- फोटो : अमर उजाला
सलेमपुर। बैंक से रकम निकाल सड़क पार कर रहे एक रिटायर्ड दारोगा से बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े 1.10 लाख रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश कोतवाली होते हुए देवरिया की तरफ भाग निकले। पुलिस ने बैंक व आसपास लगे सीसी टीवी फुटेज को खंगाला। लेकिन, कोई सफलता नहीं मिली। एएसपी सुरेंद्र बहादुर व सीओ शितांशु यादव ने घटना स्थल पहुंच कर छानबीन की।
लार थाना क्षेत्र के सहियागढ़ निवासी मोहम्मद आशिक अंसारी एक वर्ष पहले बिहार पुलिस में दारोगा पद से रिटायर्ड हुए हैं। उनका पेंशन खाता नगर के एसबीआई शाखा में है। मंगलवार को अपनी बेटी शमा शहजादी के साथ बाइक से बैंक पहुंचे। दोपहर 12.30 बजे रकम निकालकर बैग में रखा और हाथ में लटका कर चल दिए। कोतवाली के निकट सड़क पार कर रहे थे कि बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उनके हाथ से रुपयों से भरा बैग छीन कर कोतवाली होते हुए देवरिया की तरफ भाग निकले। पीड़ित की सूचना के बाद कोतवाली पुलिस हरकत में आई। सीओ शितांशु यादव ने बताया कि कई सीसी टीवी फुटेज में दो संदिग्ध व्यक्ति को देखा गया है। जांच की जा रही है। शीघ्र ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा।
दिन दहाड़े हुई वारदात से नगर के व्यापारियों में दहशत है। पूर्व चेयरमैन सुधाकर गुप्ता ने चेतावनी दी है कि अगर तीन दिन के अंदर घटना का पर्दाफास न हुआ तो कोतवाली का घेराव किया जाएगा।
पूर्व में भी कोतवाली के समीप हो चुकी है लूट
सलेमपुर। करीब 6 माह पूर्व मईल थाना के कुंडौली गांव निवासी एक शिक्षक से कोतवाली के पास से तीन लाख रुपये बदमाशों ने लूट लिया था। आनन-फानन में पुलिस ने घटना का पर्दाफास तो किया। लेकिन, रकम की बरामदगी नही हुई। लोगों का कहना है कि घटना कोतवाली के पास हुई। अगर वहां कैमरा होता तो पुलिस को काफी मदद मिलती।