देवरिया। बच्चे के इलाज में देरी पर जिला अस्पताल में तीमारदारों ने हंगामा किया। नाराज लोगों ने आईसीयू में जाने वाले दरवाजे को तोड़ दिया। इससे कुछ देर के लिए अफरा तफरी मच गई। चिकित्सक के पहुंचने के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ।
जिला अस्पताल डॉक्टरों की कमी से जूझ रहा है। बुधवार को दिन में करीब 11बजे कुछ लोग एक बच्चे को लेकर कक्ष संख्या 13 यानी बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. आरके श्रीवास्तव के पास पहुंचे। वह कक्ष में मौजूद नहीं थे। कुछ देर तक लोगों ने इंतजार किया। बच्चे की तबीयत बिगड़ता देख लोग उग्र हो गए और हंगामा करने लगे। शोर सुनकर लोगों की भीड़ जुट गई। इलाज के लिए आए लोग परेशान हो गए। नाराज लोग डॉक्टर पर मनमानी का आरोप लगाते हुए तत्काल बुलाने की मांग करने लगे। नाराज कुछ युवकों ने आईसीयू का फाटक तोड़ दिया। कुछ देर बाद पहुंचे डॉ. आरके श्रीवास्तव ने समझा बुझाकर लोगों को शांत कराया। इसके बाद तीमारदार बिना नाम पता बताए बच्चे को लेकर चले गए। हंगामा होने के बाद भी इंमरजेंसी में तैनात पुलिस वाले नहीं पहुंचे। डॉ. आरके श्रीवास्तव ने बताया कि आईसीयू में एक बच्चे को देखने के लिए गया था। बेवजह लोगों ने हंगामा किया।