देवरिया। सदर कोतवाली के सकरापार गांव में सोमवार को दोहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई। रविवार की रात शिव मंदिर के वृद्ध पुजारी की हत्या हुई। फिर सोमवार सुबह हत्या के शक में पुजारी के परिजनों ने मंदिर के पास सो रहे युवक को मार डाला। घटना की सूचना के बाद एसपी, एएसपी समेत अन्य अफसरों ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। पुलिस ने पूछताछ के लिए पांच लोगों को हिरासत में लिया है। कई थानों की फोर्स गांव में डटी हुई है। इस मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से पांच नामजद समेत कई अज्ञात पर केस दर्ज किया है। सकरापार गांव निवासी मोती यादव (65) गांव के मंदिर पर पुजारी थे। रविवार की रात वह मंदिर परिसर में सोए थे। सोमवार सुबह उनकी लाश मंदिर के पोखरे में मिली। पुजारी के सिर और शरीर के कई हिस्सों पर चोट के निशान थे। मौके पर पहुंचे परिवार वालों ने मंदिर के पास ही खेत की रखवाली के लिए सो रहे गांव के ही राहुल उर्फ पिंटू (25) पुत्र ओमप्रकाश पटेल पर हत्या का आरोप लगाते हुए हमला बोल दिया। राहुल जान बचाने के लिए भागने लगा। करीब 500 मीटर दूर एक गैस एजेंसी के पास पकड़कर उसकी ईंट से कूंचकर उसकी हत्या कर दी गई। राहुल के पिता को भी यह कहकर मंदिर पर बुलाया गया कि उनका लड़का बदमाशी कर रहा है। ओमप्रकाश के पहुंचने पर लोगों ने उसे भी पेड़ में बांधकर पिटाई शुरू कर दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे मुक्त कराया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। एसपी एन. कोलांची का कहना है कि मामले का जल्द पर्दाफाश किया जाएगा।