गला कसने से हुई थी दंपती की मौत
एक साथ एक ही चिता पर जले दोनों शव, पिता ने दी मुखाग्नि
गांव में दूसरे दिन भी छाया रहा मातम
अमर उजाला ब्यूरो
लार रोड। धरमेर गांव में नवदंपती विजय और सुमन की मौत गला कसने से ही हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है। रविवार को भागलपुर के सरयू तट पर उनका अंतिम संस्कार हुआ। एक ही चिता पर दोनों शवों को पिता रामरक्षा शर्मा ने मुखाग्नि दी तो हर किसी की आंखें नम हो र्गइं। उधर, गांव में दूसरे दिन भी मातम पसरा रहा।
मईल थाना क्षेत्र के धरमेर महलिया निवासी रामरक्षा शर्मा के पुत्र विजय और बहू सुमन की शुक्रवार को मौत हो गई थी। कमरे में पति का शव दरवाजे के पास तो पत्नी का फंदे से लटकता मिला था। घटना के बाद से ही आत्महत्या की अटकलें लगाई जा रही थीं। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद यह स्पष्ट भी हो गया कि गला कसने से ही उनकी मौत हुई थी। चर्चा यह भी है कि मौत को गले लगाने से पहले विवाहिता ने अपने मायके फोन पर कुछ बात भी की थी। उधर, पोस्टमार्टम के बाद पति-पत्नी के शव को दाह संस्कार के लिए भागलपुर कालीचरण घाट लाया गया। दोनों को एक ही चिता पर पिता ने मुखाग्नि देकर अंतिम विदाई दी। आंखों में आंसू और गमगीन चेहरे के साथ हर कोई मायूस दिखा। उनके मन में इस बात पर भी हैरानी थी कि आखिर दंपती ने ऐसा कदम क्यों उठाया। इस बाबत मईल इंस्पेक्टर रवींद्र कुमार रवि ने बताया की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार दंपती की मौत गला कसने से दम घुटने के कारण हुई है।