बाइक की डिकी में मिला 1.30 लाख
उड़न दस्ता टीम ने पकड़ी रकम
वाहन चेकिंग के दौरान हुई कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
रुद्रपुर। लोकसभा चुनाव में वाहन चेकिंग के दौरान सोमवार को उड़न दस्ता टीम ने एक बाइक की डिकी से एक लाख 30 हजार रुपये बरामद की। पूछताछ के दौरान युवक रुपये के बारे में कुछ भी स्पष्ट नहीं बता पाया। उड़नदस्ता टीम ने बाइक और रुपया कोतवाली को सुपुर्द कर दिया। उड़न दस्ता टीम के प्रभारी/बीईओ गोपाल शरण मिश्र और रामलक्षन चौकी इंचार्ज अश्वनी सिंह रुद्रपुर-देवरिया मार्ग वाहन चेकिंग कर रहे थे। वह खरोह चौराहे के पास चार पहिया वाहनों की डिकी की तलाशी शुरू की। इस दौरान एक युवक की डिकी से रुपये बरामद हुआ। रकम के बारे में पूछे जाने पर वह कुछ भी बता नहीं पाया। युवक की पहचान चंदन निवासी माहीगंज कोतवाली रुद्रपुर के रूप में हुई। चेकिंग के समय एक गाड़ी से राजनीतिक पार्टी का झंडा भी मिला। प्रभारी निरीक्षक गिरिजेश तिवारी ने कहा कि मामले की जांच चल रही है। चंदन से पूछताछ चल रही हैं। तलाशी के दौरान मिले रकम को कोषागार में जमा करा दिया जाएगा।