भाटपाररानी (देवरिया)। थाना क्षेत्र के बिशुनपुरा रेलवे क्रासिंग के पास रविवार को तेज गति से आ रही बाइक मोड़ पर अनियंत्रित होकर पुलिया से टकराकर गड्ढे में चली गई। पुलिया से टकराकर युवक के सिर का चिथड़ा हो गया। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची 100 नंबर की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसके पाकेट से मिले पैनकार्ड व मोबाइल नंबर से घर परिजनों को सूचना दी।
भाटपाररानी थाना के दनउर गांव निवासी जगदेव धोबी का पुत्र संदीप कुमार 32 अपने भाइयों गुड्डू, पप्पु और बबलू के साथ दिल्ली में रहकर कारोबार करता था। हाल ही में सभी भाई घर पर आए थे। रविवार को संदीप दोपहर बाद तीन बजे किसी कार्य से भाटपाररानी आ रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार संदीप तेज गति से बाइक चला रहा था। बिशुनपुरा रेलवे क्रासिंग के पास मोड़ पर उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और पुलिया से टकराकर गढ्ढे में चली गई। घटनास्थल पर ही संदीप ने दम तोड़ दिया। आसपास के लोगों ने 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस का कहना है कि परिवारवालों को सूचना दे दी गई है। तेज रफ्तार की वजह से घटना हुई है।