भलुअनी के बारीपुर गांव के निकट हाटा सीवान पर धान के खेत में कंकाल मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस और अन्य
- फोटो : अमर उजाला
बरहज/भलुअनी। क्षेत्र के बारीपुर गांव के पास धान के खेत में कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई। खेत से उठ रहे दुर्गंध के बाद लोगों को इसकी जानकारी हुई। कंकाल किसी महिला की बताई जा रही है। काफी कोशिशों के बाद उसकी शिनाख्त नहीं हो गई। पुलिस ने उसे परीक्षण के लिए भेज दिया है।
भलुअनी के चमुखा गांव निवासी शुभनारायण यादव अपने खेत में धान की फसल की सिंचाई के लिए पंपसेट चलाने गए थे। खेत से उठ रहे दुर्गंध के बाद उन्होंने खोजबीन शुरू की। खेत के अंदर जाने पर उन्हें कंकाल दिखाई दिया। शोर मचाने पर आसपास के लोग जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे कब्जे में लिया। कंकाल के पास से नीले रंग की तौलिया, नेल पालिश लगा नाखून, लंबे बाल और सलवार बरामद हुआ है। पैर में कुछ मांस के लोथड़े शेष रह गए थे। इस आधार पर अनुमान लगाया जा रहा है कि कंकाल किसी महिला का है। इस संबंध में थानाध्यक्ष विजय बहादुर सिंह ने बताया कि शिनाख्त नहीं हो सकी है। बरामद सामानों और कंकाल को जांच के लिए भेज दिया गया है।