सलेमपुर। लार रोड कस्बा में शनिवार की रात फोन पर अपशब्द बोलने को लेकर दो पक्ष में मारपीट हो गई। इसमें ग्राम प्रधान सहित 14 लोग घायल हो गए। एक पक्ष ने घटनास्थल पर खड़ी दो बाइकों को आग के हवाले कर दिया। यह देख कस्बा के सभी दुकानदार अपनी दुकान बंद कर घरों में कैद हो गए। सूचना के करीब एक घंटे बाद पहुंची मईल पुलिस को देख उपद्रव मचाने वाले घटनास्थल से भाग निकले। सभी घायलों की हालत गंभीर देख डॉक्टर ने जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। उधर, कस्बा में मनबढ़ों का दहशत इतना है कि रविवार को भी कस्बा की कोई दुकान नहीं खुली। जबकि मईल पुलिस पूरे दिन कस्बे में जमी रही।
मईल थाना क्षेत्र के कुंडौली गांव के कुछ युवकों व लार रोड कस्बे के कुछ युवकों के बीच शनिवार की शाम फोन पर अपशब्द बोलने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से जमकर मारपीट होने लगी। दोनों तरफ से लाठी-डंडे चलने लगे। इसी बीच घटनास्थल के समीप खड़ी दो बाइकों में किसी ने आग लगा दी। जिससे दोनों बाइकें जलकर खाक हो गई। आगजनी की घटना होने के बाद कस्बा में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आनन-फानन में दुकानदार अपनी दुकानों का शटर गिरा कर घरों में कैद हो गए। इसकी सूचना किसी ने स्थानीय पुलिस को दी, लेकिन पुलिस समय से नहीं पहुंच सकी जिसका नतीजा रहा कि एक पक्ष के कुंडौली गांव के प्रधान अतुल सिंह, अनूप सिंह, हरिकेश बहादुर सिंह, विवेक सिंह, गोलू सिंह, भुवर सिंह, सिंकू सिंह, अर्जुन राजभर, यशवंत सिंह तथा दूसरे पक्ष के लार रोड कस्बा निवासी धनजी सिंह, गुड़िया गुप्ता, पीयूष सिंह, अंकुश गुप्ता, बंटी गुप्ता घायल हो गए। आसपास के लोगों ने आनन-फानन में घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लार पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार किया। उधर स्थानीय पुलिस के साथ सीओ को देख उपद्रव मचाने वाले घटनास्थल से फरार हो गए। कस्बा में उपद्रव मचाने वालों का इतना दहशत है कि रविवार को भी कोई दुकानदार अपनी दुकान नहीं खोला हालांकि मईल पुलिस कस्बा में जमी हुई है। मईल एसओ संदीप सिंह ने बताया कि अभी किसी तरफ से तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
...
समय से नहीं पहुंची पुलिस तो लोगों ने की नारेबाजी
सलेमपुर। लार रोड कस्बा में शनिवार की देर रात हुए उपद्रव की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को समय से दे दी। इसके बावजूद पुलिस एक घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंची। जिसको लेकर वहां मौजूद लोगों ने पुलिस के प्रति आक्रोशित होकर नारेबाजी शुरू कर दी। लोगों का आरोप है कि उपद्रव के दौरान दहशत पैदा करने के लिए एक युवक ने तीन राउंड फायरिंग की। आक्रोशित लोगों को देख सीओ अंशुमान श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और हल्का दरोगा को फटकार लगाते हुए अपने जिम्मेदारियों का निर्वहन करने को कहा। साथी लोगों को आश्वासन दिया कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी जिसके बाद मामला शांत हुआ।
कोट
फोन पर अपशब्द बोलने को लेकर लार रोड कस्बा में शनिवार की रात दो पक्ष में मारपीट हुई थी। इसमें किसी ने दो बाइकों को आग के हवाले कर दिया। सूचना पर मैं मौके पर पहुंचा था, लेकिन उपद्रव करने वाले वहां नहीं मिले। हवाई फायरिंग की मुझे कोई जानकारी नहीं है। अभी किसी प्रकार की कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं बंद दुकानों को खोलने को दुकानदारों से कहा गया है।
-अंशुमन श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी बरहज