एसडीएम न्यायालय ने 17 सितंबर को फिर से मतगणना कराने का दिया आदेश
रुद्रपुर। मलहपुरवा गांव के ग्राम प्रधान के लिए दोबारा मतगणना होगी। बृहस्पतिवार को एसडीएम कोर्ट ने याचिका पर सुनवाई के बाद फिर से मतगणना कराने का आदेश दिया। मतगणना अब अगले माह 17 सितंबर को तहसीलदार कोर्ट में तहसीलदार और खंड विकास अधिकारी की देखरेख में होगा। बीते माह गौरीबाजार विकास खंड के जोगिया गांव के ग्राम प्रधान पद की दोबारा मतगणना तहसील में हो चुकी है।
मलहपुरवा गांव के याची आयुष और हरेंद्र यादव ने वाद दाखिल कर बताया कि उनके समेत गांव में 14 लोग ग्राम प्रधान पद के लिए प्रत्याशी थे। पंचायत चुनाव में वर्ष 2021 में मलहपुरवा गांव 26 अप्रैल को दो बूथों पर मतदान हुआ। सतासी इंटर कॉलेज में 2 मई को मतगणना के दौरान एक बूथ की मत पेटिका देर से मिली। मतगणना में लगे कर्मचारी और अधिकारी उन्हें अवैध मतों की संख्या का पूरा हिसाब नहीं दे पाए। जिस पर दोबारा मतगणना की मांग की गई। इस दौरान उनकी कोई सुनवाई नही हुई। वर्तमान में मलहपुरवा के दयानंद यादव ग्राम प्रधान है। याची के अधिवक्ता गोपी यादव ने बताया कि कोर्ट में सुनवाई पर मतगणना से संबंधित लोग तथ्यपरक साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर पाए। एसडीएम रत्नेश तिवारी ने तहसीलदार और बीडीओ की मौजूदगी में मलहपुरवा में दोबारा मतगणना कराने का आदेश दिया। इस दौरान दोनों पक्ष सामने वीडियो ग्राफी कराते हुए मतों की गिनती की जाएगी। संवाद