कर्मचारियों और सभासदों के बीच झड़प भी हुई।
- फोटो : अमर उजाला
सलेमपुर। बोर्ड की बैठक अचानक निरस्त किए जाने से नाराज सभासदों ने हंगामा मचा दिया। सभासदों का तेवर देख ईओ और कर्मचारी कार्यालय से भाग खड़े हुए। इस दौरान कर्मचारियों और सभासदों के बीच झड़प भी हुई। इसके चलते तीन घंटे तक गहमा-गहमी का माहौल रहा। सभासदों ने ईओ और कर्मचारियों पर सरकारी धन के दुरुपयोग और साजिश के तहत बोर्ड की बैठक निरस्त करने का आरोप लगाया है।
नगर पंचायत में मंगलवार को बोर्ड की बैठक होनी थी। सुबह करीब 11 बजे सभासद पहुंचे तो मालूम हुआ कि चेयरमैन देवंती देवी के अचानक तबीयत खराब होने के कारण बैठक स्थगित कर दी गई है। सभासदों ने कार्यों का भुगतान रजिस्टर, कार्रवाई रजिस्टर समेत साफ-सफाई पर खर्च हुए सरकारी धन का ब्योरा ईओ से मांगा। ईओ और कर्मचारियों ने सभी रजिस्टर चेयरमैन के घर होने की बात कही।
इस पर सभासद उग्र हो गए और कुर्सी मेज पटकने लगे। यह देख ईओ और बाबू कार्यालय छोड़कर भाग गए। बावजूद इसके तीन घंटे तक कार्यालय में हंगामा चलता रहा। सभासदों और बाबुओं के बीच कहासुनी व झड़प भी हुई। सभासद श्रीराम यादव, संजय मद्धेशिया, हंसराज कनौजिया, रामदेनी, रंजीत सिंह मेराज अब्दुल्ला आदि ने आरोप कि एक साल बाद बोर्ड की बैठक बुलाई गई थी।
इस बैठक में सीसी टीवी कैमरे की व्यवस्था सभासद किए थे। इसकी जानकारी होने पर आनन-फानन में बैठक स्थगित कर दी गई। विकास कार्यों के नाम पर सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है।