कोरोना संक्रमण में कमी, एक भी नहीं मिला पॉजिटिव केस
देवरिया। जनपद में कोरोना संक्रमण में कमी आ रही है। शुक्रवार को आई रिपोर्ट में एक भी व्यक्ति पॉजिटिव नहीं मिला। जनपद में पॉजिटिव मरीजों की कुल संख्या 20178 हो चुकी है, जबकि 19952 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। जिले में एक्टिव केस आठ हैं। होम आइसोलेशन में पांच लोगों का इलाज चल रहा है। जिले में अब तक 218 लोगों की मौत हो चुकी है। जिला अस्पताल के एमसीएच विंग स्थित कोविड अस्पताल एल-2 तथा निजी अस्पताल में भर्ती एक मरीज नहीं हैं। सीएमओ डा. आलोक पांडेय ने कहा कि जनपद में कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए टीमें लगाई गई हैं। गांवों में जांच तेजी से कराई जा रही है। संक्रमित लोगों की संख्या में कमी आई है। मरीजों के इलाज के समुचित इंतजाम किए गए हैं। जिला अस्पताल परिसर स्थित एमसीएच विंग तथा निजी अस्पताल आस्था, सावित्री हास्पिटल, स्टार न्यूरो व वेदांक में एक भी मरीज नहीं हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण कम होने के बावजूद सतर्कता व सावधानी बरतने की जरूरत है। उन्होंने लोगों से कोरोना प्रोटोकाल का पालन करने तथा वैक्सीन लगवाने की अपील की है।
10260 लोगों को लगा कोरोना का टीका
देवरिया। जनपद में टीकाकरण कार्य चल रहा है। शुक्रवार को 84 केंद्रों पर बड़ी संख्या में लोग वैक्सीन की डोज लेने के लिए पहुंचे। इन स्थानों पर भीड़ के चलते लोगों को टीका लगाने में मशक्कत करनी पड़ी। जनपद में शुक्रवार को को सौ केंद्रों पर टीकाकरण हुआ। टीमों ने लक्ष्य 110840 के सापेेक्ष 10260 लोगों का कोविड टीकाकरण हुआ। इन केंद्रों पर 18 से 44 वर्ष के 5820, बुजुर्ग 672 तथा 45 वर्ष से ऊपर के 1359 लोगों को वैक्सीन की प्रथम तथा 2409 लोगों को द्वितीय डोज दी गई।