कोरोना से बचाव के लिए स्कूलों में लगाए जाएंगे पोस्टर
प्रति विद्यालय दो पोस्टर की छपाई को दी गई स्वीकृति,
बेसिक कार्यालय, बीआरसी पर भी चस्पा करने का जारी हुआ आदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। कोरोना वायरस के प्रकोप से बचाव के लिए अब बेसिक विभाग स्तर से भी प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। हालांकि, जिले के परिषदीय सहित अन्य स्कूल-कॉलेज पहले ही बंद कर दिए गए हैं। लेकिन कोई भी छात्र, अध्यापक या अभिभावक इसकी चपेट में न आए, इसके लिए जन जागरूकता के लिए सभी परिषदीय स्कूूलों, बीआरसी और बीएसए कार्यालय पर दो-दो पोस्टर लगाने का आदेश दिया गया है।
देश में कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए अब सभी सजगता बरत रहे हैं। बेसिक स्तर पर से इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस वायरस के फैलाव की रोकथाम के लिए शासन ने हरसंभव प्रयास शुरू कर दिए हैं। स्कूल-कॉलेेजों में इसके लिए जागरूकता अभियान चलाने का भी आदेश हुआ है, हालांकि, इन संस्थानों के बंद होने से अभी लक्षित समूह तक संदेश पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। उधर, महानिदेशक स्कूल शिक्षा विजय किरन आनंद ने सभी परिषदीय स्कूलों, बीआरसी, बीएसए कार्यालय पर इससे बचाव के लिए 18 गुणा 22 इंच में पोस्टर लगवाने का आदेश जारी किया है। इसके लिए लखनऊ की फर्म मेसर्स स्वाष्तिक प्रिंटिंग प्रेस का चयन भी कर लिया गया है। पहले चरण में कुल 3 लाख 21 हजार 488 पोस्टर की छपाई का आदेश हुआ है। बीएसए प्रकाश नारायण श्रीवास्तव ने बताया कि अभी दो अप्रैल तक के लिए परिषदीय स्कूलों को बंद करने का शासनादेश हुआ है, पूर्व में 22 मार्च तक बंद रखने का आदेश हुआ था। कोरोना वायरस के फैलाव को रोकने के लिए जो भी उच्चाधिकारियों का आदेश होगा, उसका पालन सख्ती से जिले में कराया जाएगा। प्रति विद्यालय दो-दो पोस्टर उपलब्ध होते ही इन्हें संबंधित जगहों पर लगवाया जाएगा।
रोक के बाद भी चल रहीं संस्थाएं
रुद्रपुर। कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए भीड़ भाड़ वाले स्थानों पर रोक लगाने के सख्त निर्देश के बाद भी कई संस्थाए नहीं मान रही हैं। नगर के पश्चिमी बाईपास रोड पर प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत केंद्र खोला गया है। यहां लड़के और लड़कियों को कंप्यूटर शिक्षा, सिलाई कढ़ाई, मेंहदी लगाने का हुनर सिखाया जाता है। देश में कोरोना के वायरस को देखते हुए स्कूल, संस्थान, धरना प्रदर्शन, संपूर्ण समाधान दिवस, सिनेमाहाल जैसे जगहों पर भीड़ ना लगे, इसके लिए रोक लगा दी गई है। बावजूद इसके नगर में प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना केंद्र पर भीड़ जुट रही है। बुधवार को संस्थान पर करीब दो सौ लोग जुट कर पढ़ाई में जुटे थे। इसके अलावा नगर के दो स्कूलों में 23 अप्रैल की परीक्षा कराने की सूचना जारी की गई। संस्थान के संचालक राजू कुमार ने कहा कि उच्चाधिकारियों से बंद के निर्देश नहीं मिले थे। हालांकि, दोपहर बाद संस्थान को एक अप्रैल तक बंद कर दिया गया है। एसडीएम ओमप्रकाश ने कहा कि भीड़ पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाया गया है। लोग स्वच्छता बनाए रखें। केंद्र संचालक के खिलाफ कार्रवाई को लिखा जाएगा।
दोगुना मूल्य पर बेच रहे थे मॉस्क, केस दर्ज
देवरिया। दोगुना मूल्य पर मॉस्क बेचने वाले मेडिकल स्टोर संचालक और उसके भाई के खिलाफ सदर कोतवाली पुलिस ने आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई औषधि निरीक्षक की तहरीर के आधार पर किया।
एसडीएम सदर दिनेश मिश्र के निर्देश पर मंगलवार को पूर्ति निरीक्षक फणिश्वर त्रिपाठी डीएम आवास के सामने भारत मेडिकल हॉल पर पहुंचे। उन्होंने एक पीस मॉस्क खरीदा। दुकान पर मौजूद सरहान ने एक पीस मॉस्क का 80 रुपये लिया और रसीद भी नहीं दी। इसके बाद टीम के साथ पहुंचे एसडीएम सदर दिनेश मिश्र ने दुकान में मौजूद पांच मॉस्क सील कर दिया। थोड़ी देर में पहुंचे दुकान के प्रोपराइटर मुजाहिद अली ने बताया कि बैंक में गए थे। दुकान पर मौजूद भाई को मॉस्क का सही मूल्य पता नहीं था, इसलिए 80 रुपये में बेच दिया। एसडीएम के निर्देश पर औषधि निरीक्षक जयसिंह ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। तहरीर के आधार पर सदर कोतवाली पुलिस ने भारत मेडिकल हॉल के संचालक मुजाहिद अली और उनके भाई सरहान के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत केस दर्ज कर लिया। सदर कोतवाल टीजे सिंह ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।