देवरिया। उर्वरक वितरण में अनियमितता मिलने पर सोनाड़ी मोड़ स्थित नमन सेवा कृषि उपज संवर्धन सहकारी समिति लिमिटेड का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है। समिति के उर्वरक कारोबार पर भी रोक लगा दी गई है। वहीं, इसके सहयोगी प्रतिष्ठान जया ट्रेडर्स को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
जिला कृषि अधिकारी उदय शंकर सिंह ने बताया कि 19 नवंबर को डीएम ने सोनाड़ी मोड़ स्थित समिति का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान किसानों को उर्वरक वितरण में अनियमितताएं मिली थीं। डीएम के निर्देश पर अपर जिला कृषि अधिकारी अम्बरीष कुमार मिश्र और बरहज के अपर जिला सहकारी अधिकारी बृजेश राय ने संयुक्त रूप से प्रतिष्ठान की जांच की। जांच के बाद अधिकारियों ने संयुक्त रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसके आधार पर समिति का उर्वरक लाइसेंस निलंबित करते हुए खाद की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया गया। साथ ही सोनाड़ी मोड़ स्थित सहयोगी प्रतिष्ठान जया ट्रेडर्स को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
जिला कृषि अधिकारी ने किसानों से अपील की कि खाद खरीदने जाते समय आधार कार्ड और फार्मर आईडी साथ रखें। अपनी जोत और फसल की जरूरत के अनुसार ही उर्वरक खरीदें। उन्होंने कहा कि किसान पीओएस मशीन से बिक्री की रसीद जरूर लें और निर्धारित मूल्य का ही भुगतान करें। जिले में उर्वरक दुकानों पर छापेमारी और निरीक्षण का अभियान आगे भी जारी रहेगा।