आबादी के बीच कूड़ा गिराने के लिए सीआरओ ने मांगी एक माह की मोहल्लत
देवरिया। कागजों में डंपिंग ग्राउंड दिखाकर आबादी के बीच कूड़ा निस्तारित करना नगर पालिका को भारी पड़ गया। शनिवार की सुबह अलीनगर के लोगों ने पालिका को चीनी मिल परिसर में कूड़ा गिराने से रोक दिया। दोनों सफाई निरीक्षकों के मान-मनौव्वल के बाद भी लोग नहीं माने तो सीआरओ व प्रभारी ईओ अमृत लाल वृंद को मौके पर पहुंचना पड़ा। उन्होंने स्थानीय लोगों से कूड़ा गिराने के लिए एक माह की मोहल्लत मांगी। दलील दी कि उसरा बाजार डंपिंग ग्राउंड में बरसात का पानी जमा होने से कूड़ा गाड़ी नहीं पहुंच पा रही है। पानी सूखते ही डंपिंग ग्राउंड को कूड़ा निस्तारण के लिए व्यवस्थित कर दिया जाएगा। बहस का दौर सुबह दस बजे से दोपहर 12 बजे तक चला। लोगों के उग्र तेवर को देखते हुए पुलिस फोर्स भी बुलाई गई थी। स्थानीय लोग बरसात में गंदगी जमा होने से संक्रामक बीमारियों के खतरे से चिंतित थे। सीआरओ ने आश्वासन दिया कि कूड़े को गड्ढे में डाला जाएगा। ऊपर से मिट्टी पाटकर जमीन को समतल बनाया जाएगा। ताकि आप सभी को जलजमाव से निजात मिले। उनके आश्वासन के बाद लोग कूड़ा गिराने पर सहमत हुए।