तरकुलवा। फेसबुक पर अभद्र टिप्पणी को लेकर दो पक्ष आपस में भीड़ गए। दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्ष को थाने लाकर दो का शांति भंग में चालान कर दिया। थाना क्षेत्र के कंचनपुर गांव के रहने वाले एक युवक ने अपने फेसबुक पर अभद्र टिप्पणी लिखा था, जिसकी प्रतिक्रिया में दूसरे व्यक्ति ने भी अपने फेसबुक आईडी से अभद्र टिप्पणी की थी। मामला दो समुदायों से संबंधित था, इसके चलते दोनों पक्षों में महीनों से तना-तनी चल रही थी। बताते हैं कि मामला पुलिस के संज्ञान में था, लेकिन पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।
इस बीच रविवार की सुबह कंचनपुर चौराहे पर दोनों पक्षों में आमना-सामना हो गया। देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया। जिससे चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई। मामला बिगड़ता देख किसी ने तरकुलवा पुलिस को इसकी सूचना दे दी। आनन-फानन में मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को उठाकर थाने ले गई। जहां पूरे दिन गहमा-गहमी की स्थिति बनी रही।
फिर दोनों ओर से एक-एक लोगों का शांति भंग की धारा में चालान कर दिया। थाना प्रभारी मृत्युंजय राय ने बताया कि किसी कीमत पर गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोनों पक्षों को चेतावनी देते हुए शांति भंग की धारा में चालान कर दिया गया है।