दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन और मेलों के आयोजन के लिए कंट्रोल रूम स्थापित
- कंट्रोल रूम चौबीस घंटे करेगा कार्य, सूचनाओं का होगा आदान-प्रदान
- कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 05568-222261, 222318, 1077 पर दी जा सकेगी सूचना
कर्मचारियों की तीन पालियों में लगाई गई है ड्यूटी
देवरिया। शारदीय नवरात्रि में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं का पांच व छह अक्तूबर को विसर्जन एवं विभिन्न स्थानों पर मेले के आयोजन को देखते हुए सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए कलेक्ट्रेट में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष नंबर 05568-222261, 222318, 1077 है। यह मूर्ति विसर्जन कार्य संपन्न होने तक चौबीस घंटे कार्य करेगा।
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि कंट्रोल रूम में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। उन्हें निर्देश दिया गया है कि त्योहार, मूर्ति विसर्जन संपन्न होने के दौरान ड्यूटी पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर कंट्रोल रूम में प्राप्त होने वाली सूचनाओं को रजिस्टर में अंकित करें। साथ ही उसकी सूचना तत्काल संबंधित अधिकारी को समस्या के निराकरण के लिए दें और निस्तारण की जानकारी प्राप्त कर रजिस्टर में दर्ज करें। उन्होंने निर्देश दिया है कि कंट्रोल रूम में तैनात कर्मचारी बिना प्रतिस्थानी के तैनाती के स्थान नहीं छोड़ेगा। यदि अपरिहार्य स्थिति में किसी कर्मचारी को जाना जरूरी होगा तो वह एडीएम प्रशासन गौरव श्रीवास्वत की अनुमति के बाद ही जाएगा। साथ ही कार्य समाप्त करने के बाद पुन: ड्यूटी पर लौटना होगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि कंट्रोल रूम में पांच अक्तूबर को प्रथम पाली में सुबह छह से दोपहर बाद दो बजे तक कृषि विभाग के राजेंद्र खरवार, शिक्षा विभाग से सहायक अध्यापक जयप्रकाश यादव, पूर्ति विभाग के लिपिक रामनिवास यादव, द्वितीय पाली में दोपहर बाद दो से रात दस बजे तक तक कृषि विभाग के विजय कुमार गुप्ता, शिक्षामित्र श्रीराम मिश्रा, आयुर्वेद विभाग के कनिष्ठ सहायक संजय कुमार पांडेय तथा तृतीय पाली में रात दस से प्रात: छह बजे तक कृषि विभाग के शंकर्षण शाही, अनुदेशक शिक्षा धर्मेंद्र यादव, पूर्ति लिपिक रविश कुमार को तैनात किया गया है। छह अक्तूबर को प्रथम पाली में सुबह छह से दोपहर बाद दो बजे तक कलेक्ट्रेट के लिपिक सलाउद्दीन खान, स्वास्थ्य विभाग के वार्ड ब्वॉय राजबहादुर, पंचायती राज विभाग के एडीपीएम सुधांशु मिश्रा, द्वितीय पाली में दोपहर बाद दो से रात दस बजे तक कलेक्ट्रेट के वरिष्ठ लिपिक पारसनाथ, स्वास्थ्य विभाग के एक्स-रे टेक्नीशियन मिथिलेश कुमार, पंचायती राज विभाग के डीपीएम जितेंद्र दुबे तथा तृतीय पाली में रात दस से सुबह छह बजे तक कृषि विभाग के राजेंद्र खरवार, सहायक अध्यापक जयप्रकाश यादव, पूर्ति विभाग के लिपिक रामनिवास यादव को तैनात किया गया है।