बिजली निगम कर्मी मृतक राहुल पासवान की पत्नी रागिनी रोती बिलखती
पैकौली। ऊसरा बिजली उपकेंद्र के पास एक विद्यालय में बिजली का फाॅल्ट दुरुस्त करते समय सोमवार की दोपहर में संविदा कर्मचारी की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सहकर्मियों ने घायल को विद्यालय के वाहन से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
देवरिया कोतवाली क्षेत्र के रामलीला मोहल्ला निवासी राहुल पासवान (30) बिजली निगम में संविदा पर कार्यरत थे। सोमवार को वह ऊसरा बिजली उपकेंद्र के बगल में स्थित एक विद्यालय में खंभे पर खराब हुई केबल को दुरुस्त करते समय अचानक करंट की चपेट में आ गए। यह देख मौके पर मौजूद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
सहकर्मियों ने उसे आनन-फानन विद्यालय के वाहन से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच बाद मृत घोषित कर दिया। राहुल की मौत की सूचना मिलते ही पत्नी रागिनी समेत परिवार के अन्य लोग मेडिकल कॉलेज पहुंचे।
ऊसरा उपकेंद्र के एसडीओ अरुण कुमार ने बताया कि विद्यालय का तार गर्म हो रहा था। फॉल्ट दुरुस्त करने के लिए सुबह करीब 11:30 बजे आधे घंटे का शटडाउन लिया गया था।
पोल पर चढ़कर केबल दुरुस्त करने के बाद शटडाउन वापस कर दिया गया। उसके बाद राहुल नीचे उतरकर फिर कुछ मरम्मत कार्य करने लगे, इसी दौरान हादसा हो गया।