ई-निविदा पटल से हटाया गया संविदाकर्मी
पीडब्ल्यूडी का संविदाकर्मी टेंडर संबंधी कार्यों में करता था हेरफेर
अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद एक्सईएन ने बदला पटल
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड में संविदाकर्मी के पद पर तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर छोटे लाल वर्मा का पटल बदल दिया गया है। उसकी जगह ई-टेंडर संबंधित समस्त कार्य वरिष्ठ सहायक प्रदीप कुमार झा देखेंगे। कंप्यूटर ऑपरेटर की ओर से ई-निविदा में की गई अनियमितता की खबर अमर उजाला में प्रकाशित होने के बाद बृहस्पतिवार को एक्सईएन ने यह कार्रवाई की।
मार्च माह में दो कार्यों के लिए होने वाले ऑनलाइन ओपेन टेंडर को कंप्यूटर ऑपरेटर ने उसे लिमिटेड बना दिया। अधिकारियों की मिलीभगत से एक कार्य अपने फर्म आरएनवी व दूसरा चहेते ठेकेदार को दे दिया। पोर्टल पर निविदा प्रदर्शित न होने पर ठेकेदारों ने इसकी शिकायत अधीक्षण अभियंता से की। 27 मार्च को एक्सईएन ने तकनीकी खामी बताते हुए टेंडर निरस्त तो कर दिया लेकिन ठेकेदार कंप्यूटर ऑपरेटर पर किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की। बृहस्पतिवार को ‘संविदाकर्मी ने टेंडर को बना दिया ‘लिमिटेड’ शीर्षक से खबर प्रकाशित होने के बाद छोटे लाल वर्मा का पटल बदल दिया गया। हालांकि, इस कार्रवाई से ठेकेदार संतुष्ट नहीं हैं। ठेकेदार कल्याण समिति के अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह का कहना है कि प्रांतीय खंड में 30 व 31 मार्च को हुए सभी प्रकार के भुगतान की जांच होनी चाहिए। संविदाकर्मी ने तथ्य छुपाकर रजिस्ट्रेशन कराया है तो उसपर केस दर्ज किया जाए।