रामपुर कारखाना। पांडेयचक विद्युत उपकेंद्र से जुड़े रुस्तमपुर फीडर के हजारों उपभोक्ता पिछले 20 दिनों से लो वोल्टेज, बार-बार ट्रिपिंग और अनियमित बिजली आपूर्ति की समस्या से जूझ रहे हैं। उपभोक्ताओं का आरोप है कि क्षेत्र में प्रतिदिन केवल चार से पांच घंटे ही बिजली मिल रही है, जिससे भीषण गर्मी और उमस के बीच लोगों का जीवन प्रभावित हो गया है।
क्षेत्रीय उपभोक्ताओं का कहना है कि, बिजली के उपकरण काम नहीं कर रहे हैं। रात में बार-बार बिजली गुल होने से लोगों को घरों से बाहर निकलकर समय बिताना पड़ रहा है। विद्यार्थियों की पढ़ाई और घरेलू कामकाज भी प्रभावित हो रहा है।
उपभोक्ता मुरलीधर निषाद, संजय श्रीवास्तव, दिनेश गोंड, इकबाल अहमद और नितेश श्रीवास्तव ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए कई बार विद्युत विभाग और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई राहत नहीं मिली है। लोगों का आरोप है कि विभागीय कर्मचारी फीडर पर अधिक लोड होने का हवाला देकर जिम्मेदारी से बच रहे हैं। इस संबंध में अवर अभियंता अखिलेश गुप्ता ने बताया कि रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति की जा रही है। रुस्तमपुर फीडर पर अत्यधिक लोड होने के कारण लो वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या उत्पन्न हो रही है। निगम की ओर से स्थिति में सुधार के प्रयास किए जा रहे हैं।