देवरिया। सदर रेलवे स्टेशन पर चेकिंग अभियान के दौरान बृहस्पतिवार को आरपीएफ की टीम अंग्रेजी शराब की खेप पकड़ी। सीआईबी गोरखपुर, सीआईबी भटनी और आरपीएफ पोस्ट देवरिया सदर की संयुक्त टीम ने देवरिया सदर रेलवे स्टेशन के प्लेटफाॅर्म संख्या दो पर पूर्वी फुट ओवरब्रिज के पास से लावारिस हालत में रखी अंग्रेजी शराब बरामद की है।
आरपीएफ के अनुसार, टीम को गश्त के दौरान संदिग्ध रूप से रखे 02 पीट्ठू बैग और तीन झोलों की तलाशी लेने पर उनमें से ‘ऑफिसर्स चॉइस विस्की’ के 180 एमएल वाले 120 अदद टेट्रा पैक बरामद हुए। कुल 21.6 लीटर लावारिस शराब की अनुमानित कीमत 15,600 रुपये बताई जा रही है।
आरपीएफ इंस्पेक्टर अमरनाथ ने बताया कि लावारिस बैग से शराब बरामद की गई है। तस्करों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। संवाद