सरकार की नीतियों के खिलाफ कांग्रेसियों ने दिया धरना
भटनी/लार। नगर के ठाकुर जी कुटी के पास स्थित शहीद स्मारक के सामने कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ धरना दिया। वक्ताओं ने कोरोना और जहरीली शराब से मौत के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार को जिम्मेदार ठहराया।
पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा जाति और धर्म के नाम पर समाज को बांट रही है। लोगों को आपस में लड़ाकर व नफरत फैला कर सत्ता हासिल करना चाहती है। हर ओर अराजकता का माहौल है। चुनाव आयोग को कमजोर कर लोकतंत्र को आघात पहुंचाया जा रहा है। मोदी और योगी सरकार अहंकार में चूर है। ब्लॉक अध्यक्ष सत्य प्रताप मिश्र अंशु ने कहा कि केंद्र सरकार हर मोर्चे पर फेल साबित हो रही है। सरकार के गलत नीतियों से कोरोना महामारी में लाखों लोगों ने जान गंवाया है। वहीं प्रदेश में आए दिन जहरीली शराब से मौत, हत्या और बलात्कार आम बात हो गई है। अधिकारी और पुलिस सत्ता पक्ष के दबाव में कार्य कर रहे हैं। सरकार को इसका परिणाम भुगतना पड़ेगा।
इसके पहले कांग्रेस नेताओं ने कोरोना से हुई मौत पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दो मिनट का मौन रख श्रद्धांजलि दी। इस दौरान भागीरथी प्रसाद, कृष्ण किंकर तिवारी, सोहन मिश्र, त्रिलोकी नाथ तिवारी, डॉ सत्यनारायण शर्मा, विभूति प्रसाद, विवेक मिश्र, पुनीत मिश्र, विनोद दुबे, रामप्रवेश आदि मौजूद रहे।
वहीं लार ब्लॉक अध्यक्ष मनोज सिंह के नेतृत्व में लार पशु चिकित्सा के सामने कांग्रेसियों ने धरना दिया। मनोज सिंह अमेठिया ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहां कि यह सरकार सिर्फ अमीरों के लिए बनी है और गरीब बेचारे मौत के मुंह में समा रहे हैं। सरकार सिर्फ घोषणा कर रही है। इस दौरान बृजेश सिंह, रितेश सिंह, तारकेश्वर दूवे, श्रीनिवास कुशवाहा, रविंद्र पटेल मौजूद रहे।