बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री की बर्खास्तगी के लिए दिया धरना
बिना वैक्सीनेशन छात्रों की परीक्षाएं न कराए जाने की मांग को लेकर किया वर्चुअल प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री की बर्खास्तगी की मांग को लेकर सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वर्चुअल धरना दिया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रामजी गिरि के नेतृत्व में ग्राम चकरा गोसाईं में वरिष्ठ नेता दीनदयाल प्रसाद, ब्लॉक अध्यक्ष मुजफ्फर हुसैन मंसूरी, प्रेमलाल भारती आदि ने वर्चुअल विरोध प्रदर्शन करते हुए प्रदेश के शिक्षा राज्यमंत्री के बर्खास्तगी की मांग की। साथ ही बिना वैक्सीनेशन कराए छात्रों की परीक्षा न आयोजित करने की मांग की गई।
ऑनलाइन विरोध प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष रामजी गिरि ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। उत्तर प्रदेश सरकार के बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री सतीश चंद्र द्विवेदी द्वारा फर्जीवाड़ा करके कोरोना काल में अपने भाई को विश्वविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर नियुक्त करा दिया गया, जो इस सरकार के भ्रष्टाचार का एक जीता जागता उदाहरण है। कांग्रेस पार्टी प्रदेश सरकार के इस कुकृत्य की घोर निंदा करती है तथा बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री की बर्खास्तगी की मांग करती है। टाउनहॉल परिसर स्थित जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर उत्तर प्रदेश किसान कांग्रेस पूर्वी जोन के चेयरमैन सुयश मणि त्रिपाठी के नेतृत्व में धरना दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा अभी तक यूपी बोर्ड की कक्षा-12वीं के छात्रों की परीक्षा कराने को लेकर कोई निर्णय नहीं लिया गया है, जिससे इन छात्रों का भविष्य अधर में है। पार्टी मांग करती है कि बिना वैक्सीनेशन परीक्षाओं को निरस्त किया जाए तथा वैक्सीनेशन प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि सरकार आंकड़ों की बाजीगरी कर अपनी पीठ स्वयं थपथपा रही है, जबकि प्रदेश की आम जनता बेहाल है। धरने में उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक कांग्रेस के कोऑर्डिनेटर नौशाद अहमद खान, जयदीप त्रिपाठी, शहर अध्यक्ष आनंद श्रीवास्तव सोनू, उत्तेज मिश्रा, विजय शेखर मल्ल रोशन, भरत मणि त्रिपाठी, सुनील तिवारी, जयप्रकाश पाल धनगर, जवाहरलाल बरनवाल, धर्मेंद्र पांडेय, अमित कुमार गौतम, सुभाष राय, महेंद्र आंबेडकर, त्रिलोकी जायसवाल आदि मौजूद रहे।