चुनावी बांड योजना का खुलासा न करने से नाराज हैं कार्यकर्ता
- फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। चुनावी बांड योजना का सुप्रीम कोर्ट की निर्धारित समय सीमा तक खुलासा नहीं करने से नाराज कांग्रेसियों ने शहर के राघवनगर स्थित एसबीआई बैंक शाखा पर प्रदर्शन किया। साथ ही मांगों से संबंधित ज्ञापन एसडीएम अवधेश निगम को सौंपा।
कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर बृहस्पतिवार को टाउन हाॅल परिसर स्थित पार्टी कार्यालय से कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष रामजी गिरि के नेतृत्व में जुलूस की शक्ल में शहर के राघवनगर स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया शाखा पर पहुंचे और नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन करने लगे।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के इस योजना पर रोक लगाने के बाद छह मार्च तक इस योजना के तहत राजनीतिक दलों के प्राप्त किए गए धन का ब्योरा सार्वजनिक करने के निर्देश दिए थे। लेकिन समय बीत जाने के बाद भी योजना का खुलासा भाजपा सरकार के दबाव में एसबीआई द्वारा नहीं किया जा रहा है। भाजपा दानदाताओं के बारे में जानकारी सार्वजनिक होने के बाद चुनिंदा कारपोरेट घरानों के साथ अपने संबंधों के संभावित जोखिम को लेकर चिंतित है।
आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने एसबीआई पर योजना को सार्वजनिक न करने दबाव डाला है। अब 30 जून तक का समय मांगा है तब तक लोकसभा चुनाव हो जाएगा। हमारा आंदोलन मामले के उजागर के लिए है। इस योजना के तहत भाजपा को कुल प्राप्त हुए धन का 55 प्रतिशत भाग मिला है। इस दौरान देवरिया संसदीय क्षेत्र के कोऑर्डिनेटर विजय मिश्र, बिस्मिल्लाह उर्फ मुन्ना लारी, राघवेंद्र सिंह राकेश, पुरुषोत्तम नारायण सिंह, मुकुंद भाष्कर मणि त्रिपाठी, दीनानाथ भारती, जयदीप त्रिपाठी, विजय शेखर मल्ल रोशन, गोविंद मिश्र, मानवेंद्र तिवारी आदि मौजूद रहे।