मईल। देवरहा बाबा गुफा के राधा-कृष्ण लक्ष्मी नारायण मंदिर की जमीन पर अधिकार को लेकर दो पक्ष आमने-सामने हैं। मंदिर के महंत बालमुकुंद दास के निधन के बाद विवाद और गहरा गया है। मामले की जानकारी मिलने पर शनिवार को तहसीलदार और मईल एसओ विकास नाथ पुलिस फोर्स के साथ आश्रम पहुंचे।
अधिकारियों ने करीब दो घंटे तक दोनों पक्षों से जुड़े मामले की जानकारी ली और गुफा मंदिर का निरीक्षण किया।आश्रम के पीठाधीश्वर श्याम सुंदर दास का दावा है कि बाबा के नाम से स्थापित मंदिर आश्रम के अधीन हैं। वहीं, दूसरे पक्ष का कहना है कि गुफा मंदिर का संचालन और अधिकार ट्रस्ट समिति के पास है।
श्याम सुंदर दास ने जिला प्रशासन को पत्र देकर आरोप लगाया है कि महंत के निधन के बाद कुछ लोग मंदिर की जमीन पर कब्जे करने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने महंत का अंतिम संस्कार और अन्य धार्मिक क्रियाकर्म गुफा मंदिर परिसर में कराने की मांग की है। उनका आरोप है कि इसमें भी बाधा डाली जा रही है। मामले से जुड़ा एक वीडियो प्रसारित हो रहा है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी इसकी पुष्टि नहीं करती है।
एसडीएम बरहज प्रवीण कुमार ने बताया कि मामले पर नजर है। जांच के लिए तहसीलदार और एसओ को मौके पर भेजा गया है।